सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर थाने के इर्द गिर्द जौनपुर प्रयागराज मार्ग पर बेतरतीब खड़े वाहनों के चलते गुरुवार को कस्बे में जाम लग गया। यात्रियों को देर तक जाम में फंसकर जूझना पड़ा। कस्बे में बेतरतीब खड़े होने वाले प्राइवेट वाहनों के चलते कस्बे में आए दिन जाम लगता है।
मुंगराबादशाहपुर कस्बे की सड़कों पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। सुबह दुकान खोलने के बाद लोग दुकान के अंदर रखा सामान सड़क की पटरी तक फैलाकर रख लेते हैं। थाने के सामने ही प्राइवेट वाहन बीच खड़े कर सवारी भरते हैं। जिससे सड़क पर जाम लग जाता है। प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पर वाहनों का अधिक दबाव रहता है। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन जाम से निबटने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं कर रहा है। सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगरपालिका प्रशासन की ओर से भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती। जिसका नतीजा है कि रोज लोगों को कस्बे में घंटों जाम में फंसकर जूझना होता है। गुरुवार को लगे जाम में परीक्षा से छूटे छात्र भी परेशान नजर आए।