जौनपुर। सूर्य के उपासना का पर्व मकर संक्रांति मंगलवार को मनाई जाएगी। त्योहार को लेकर सोमवार को खासी भीड़ रही। शहर से लेकर ग्रामीम इलाकों तक बाजार ग्राहकों से पटे रहे। बाजार में लाई, चूड़ा, तिलबा, तिलकुट एवं गट्टा, पट्टी की जमकर खरीददारी हुई। मकर संक्राति पर स्नान और दान की परंपरा है। त्योहार को देखते हुए मंगलवार को लोग आदि गंगा गोमती में आस्था की डुबकी लगाएंगे। सूरज घाट पर तो मेले जैसा माहौल रहता है। मकर संक्रांति पर अपने संगे संबंधियों को भी खिचड़ी भेजने की परंपरा हैं। कुछ लोगों ने तो पहले ही खिचडी भेजा तो कुछ लोग भेजने की तैयारी कर रहे हैं। खरीददारी को लेकर देर रात बाजार गुलजार रहे। दुकानदार भी दुकान खोलकर देर रात तक ग्राहकों को सामान देने में व्यस्त रहे। त्योहार को लेकर बाजारों में सब्जियों के भाव में भी तेजी रही। सोंधी सुगंध से तिलकुट का बाजार चमक रहा है। ठेले से लेकर फुटपाथ पर भी तिलकुट की दुकानें सजी है। 180 से 200 रूपये किलो के भाव से बेचे गए। बाजार में चीनी और गुड़ बने तिलकुट की खूब बिक्री हुई। तिल से बने तिलकतरी, पापड़ी भी बिक रही है। चूड़ा 40 से 45 रुपये प्रतिकिलो में बिक रहा है। उधर, त्योहार को लेकर पतंग की दुकानों पर बच्चों की भीड़ रही। बच्चें भी जमकर पतंगों की खरीददारी की। मंगलवार को मकर संक्रांति के दिन सुबह से पतंगबाजी का सिलसिला शुरू हो जाएगा। बच्चों ने बाजार से कई तरह की पतंग के अलावा मांझे की जमकर खरीददारी की। सूर्य सोमवार को सांय ही मकर राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिष के जानकारी डा. शैलेश मोदनवाल का कहना है मकर संक्रांति का पुण्यकाल मंगलवार को होगा। इसलिए यह पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। लोग स्नान करने के बाद दान करेंगे।