केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुफ्तीगंज बाजार निवासी बीसीए का छात्र सुदेश साहू एक लाख की साइबर ठगी का शिकार हो गया। उसके मोबाइल पर करीब दो घंटे के भीतर 100 से अधिक बार फर्जी काॅल और 6 बार ओटीपी आया। डर के कारण छात्र ने फोन नहीं उठाया तो कुछ देर बाद प्राइवेट नंबर से फोन आया। इस बार उसने फोन उठा लिया। इससे फीस जमा करने और लैपटॉप खरीदने के लिए यूनियन बैंक की गजना शाखा के खाते में रखे 1.41 लाख रुपये में से एक लाख रुपये निकल गए। इससे घबराए छात्र ने पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसकी सूचना साइबर थाना लाइन बाजार में देते हुए पिता मिथिलेश साहू ने शेष पैसे को अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। छात्र के पिता बिजनेस करते हैं। मुंबई में भी उनका कारोबार है। आए दिन लोग साइबर अपराध का शिकार हो रहे हैं। इसको लेकर सरकार और प्रशासन की ओर से तमाम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद ठगी रुकने का नाम नहीं ले रही है। दिन-प्रतिदिन हो रही साइबर ठगी से लोग भयभीत हैं। प्रभारी निरीक्षक अवनीश राय ने बताया कि मामले को साइबर थाने ट्रांसफर किया गया है। जल्द ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।