महाकुंभ के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन किया है। वाहनों के जाने के लिए बनी योजना के अनुसार पांच मार्गों से वाहनों को मेले में भेजा जाएगा। विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन से निगरानी होगी। साथ ही मेले में जाते समय भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह यात्रियों के ठहरने की भी व्यवस्था होगी।
सीओ परमानंद कुशवाहा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि महाकुंभ में भीड़ नियंत्रित करने के लिए मछलीशहर से ही प्रयागराज जाने वाले मार्ग को वन-वे करने की योजना है। मछलीशहर से जंघई के रास्ते, उचौरा से नीभापुर, मुंगराबादशाहपुर नगर में पकड़ी, फिर तरहटी के रास्ते के अलावा सरोखनपुर से भूपियामऊ के रास्ते वाहन कुंभ में जाएंगे। मेले से वापसी में वाहन कोदहू, गोरैयाडीह होते हुए इटरहा बॉर्डर पर हाईवे से होकर जौनपुर और गोरखपुर जाएंगे। सभी कैमरे कंट्रोल रूम के अलावा क्षेत्राधिकारी के मोबाइल से जुड़े रहेंगे। इससे भीड़ नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।