जौनपुर। जिले में बृहस्पतिवार को वृद्ध दंपती समेत कोरोना के दस नए मरीज मिले हैं। इसमें दो शहरी क्षेत्र के हैं। सभी की उम्र 50 से अधिक है। नए मरीजों के बाद अब कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 6062 हो गई है। इसमें 5824 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 90 की मौत हुई है।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को 2116 सैंपल के रिजल्ट आए। शहर के रामलीला मैदान निवासी वृद्ध (62) का लखनऊ में उपचार चल रहा है। उर्दू बाजार निवासी अधेड़ (52) को होम आइसोलेशन में रखा गया है। डोभी के मंडलपुर निवासी वृद्ध दंपती का उपचार नोएडा में चल रहा है। इनके अलावा सुजानगंज, मछलीशहर, खुटहन और मुंगराबादशाहपुर में नए मरीज मिले हैं। पहले के 12 मरीज ठीक हुए, जबकि 1927 नए सैंपल लिए गए। अब तक 238242 सैंपल किए जा चुके हैं, जिसमें 236934 का रिजल्ट आ चुका है।