कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक के बाहर दवा व्यवसायी से 14 जुलाई को हुई 16.1 लाख की लूट की घटना के बारे में जानकारी लेने रविवार को डीआईजी एसके भगत शाहगंज पहुंचे।
उन्होंने घटना के खुलासे के लिए सीओ और कोतवाल को 10 दिन की मोहलत दी है। चेतावनी दी कि 10 दिन में खुलासा नहीं कर सके तो वे अपने खिलाफ कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
डीआईजी की इस चेतावनी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सीओ ने डीआईजी को भरोसा दिया है कि वह शीघ्र ही घटना का खुलासा कर लेंगे।
स्थानीय कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक शाखा के बाहर 14 जुलाई को 11 बजे दिन में दवा व्यवसायी से 16.1 लाख रुपये लूट लिए गए थे।
घासमण्डी चौक स्थित चांद मेडिकल स्टोर पर संचालित वेस्टर्न यूनियन मनी ट्रांसफर का 16.1 लाख रुपये फर्म के पार्टनर अब्दुल रशीद बैग में रख दुकान जा रहे थे।
वह बैंक के बाहर चूड़ी मोहल्ला चौक पर पहुंचे थे तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग लूट लिया था।
घटना के करीब दो सप्ताह बाद डीआईजी एसके भगत रविवार को मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसपी भारत सिंह यादव भी मौजूद थे।
डीआईजी ने घटना की जांच कर रहे सीओ और कोतवाल से अभीतक की प्रगति के बारे में जानकारी ली। हालांकि जिस दिशा में पुलिस की जांच चल रही है उसपर डीआईजी ने संतोष भी जताया। डीआईजी ने घटना स्थल पर आधे घंटे तक रहे। घटना स्थल से ही वह सीधे जौनपुर के लिए रवाना हो गए।