लोहिया पर्यावरणीय पार्क के निर्माण का कार्य शुरु हो गया है। पार्क का निर्माण कराने के लिए 90 लाख रुपया कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) को मिल गया है। उनके द्वारा पहले पार्क की चहारदीवारी बनाने का कार्य शुरु किया गया है। लेकिन 60 लाख रुपए अभी उद्यान विभाग को नहीं मिला है। धनराशि मिलते ही उद्यान विभाग पार्क का सुंदरीकरण करने का कार्य करेगा।
एक करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से पार्क का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण की जिम्मेदारी आरईएस व उद्यान विभाग को सौंपी गई है। आरईएस विभाग को 90 लाख रुपये की पहली किस्त प्राप्त हो गई है। जिसमें बाउंड्री, रास्ता, माली भवन, चौकीदार आवास, प्रभारी आवास, पंप हाऊस और पुरुष व महिला शौचालय का निर्माण कराना है। उक्त विभाग द्वारा पार्क की बाउंड्री बनाने का कार्य शुरु कर दिया है। जबकि सुंदरीकरण की जिम्मेदारी उद्यान विभाग को सौपी गई है। इनके द्वारा झूला, बेंच, लान, रंग विरंगे फुल व पेड़, बच्चों के खेलने के सामान आदि कार्य कराए जाएंगे। अभी तक 60 लाख रुपया विभाग को नहीं मिला है।
ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अवर अभियंता भरत सिंह ने बताया कि पार्क के निर्माण के लिए 90 लाख रुपया मिल चुका है। सबसे पहले पार्क की बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा है। बाउंड्री कराने के बाद अन्य कार्य कराए जाएंगे।