उरई (जालौन)। पांच माह से रिक्त जिला पंचायत सदस्य बबीना की सीट पर उपचुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस सीट पर चुनाव के लिए 25 से 28 जुलाई तक नामांकन और छह अगस्त को मतदान होगा। आठ अगस्त को मतों की गिनती के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भी सरगर्मी तेज हो जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आरएस गौतम ने गुरुवार को बताया कि बबीना जिला पंचायत सदस्य पद पर उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। 25 से 28 जुलाई तक नामांकन होगा। 29 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी होगी। इसके बाद छह अगस्त को मतदान कराया जाएगा। आठ अगस्त को मतगणना होगी। चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही चुनाव लड़ने वाले दावेदार भी सक्रिय हो गए हैं। गौरतलब है कि इस सीट से पहले फराह नाज सदस्य चुनी गई थीं, जो बाद में जिला पंचायत अध्यक्ष भी निर्वाचित हुईं। फरवरी में उनका निधन होने के कारण यह सीट रिक्त हो गई थी। इस चुनाव पर फिर से मतदान के लिए दावेदार काफी समय से निगाहें जमाए थे। अब अधिसूचना जारी होने के बाद इन दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है।