उरई। रेंढ़र थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक 25 वर्षीय ने जमुनापुरा स्थित बगीचे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि उक्त युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पर गया था, तभी प्रेमिका के परिजनों ने देख लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके चलते तैश में आकर उसने फांसी लगा ली। हालांकि मृतक के परिजन इसे हत्या मान रहे हैं। थानेदार का कहना है कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। जांच पड़ताल की जा रही है।
तोरना गांव निवासी अखिलेश पुत्र जगदीश ने रविवार सुबह जमुनापुरा स्थित बगीचे के लगे पेड़ से फांसी का फंदा बनाया और उसमे ंझूल गया। दम घुटने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परेशान परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस बीच पता चला कि जमुनापुरा बगीचे में उसका शव देखा गया। जब गांव में इसकी खबर पहुंची तो हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी पाकर परिजन भी आ गए। इसी बीच किसी ने थाने में सूचना दी तो पुलिस भी पहुंच गई और शव को नीचे उताराकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस को घटनास्थल पर चार गुम्मे भी मिले, जिससे माना जा रहा हैं कि युवक ने बगीचे में लगे पेड़ से फांसी का फंदा बनाकर के लिए गुम्मों का सहारा लिया था। हालांकि परिजन हत्या बता रहे हैं। हालांकि अभी इस मामले की तहरीर नहीं दी है। सूत्रों की मानें तो शनिवार देर रात जब अखिलेश अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, तभी उसके परिजनों ने दोनों को मिलते हुए देख लिया, इस पर खुन्नस खाकर प्रेमिका के परिजनों ने जमकर अखिलेश को पीटा था। एसओ बीके मिश्रा का कहना है कि कोई प्रार्थना पत्र नहीं आया है। परिजन हत्या मान रहे हैं। हालांकि कई तथ्यों पर जांच पड़ताल की जा रही है।