झांसी में सेना भर्ती परीक्षा से लौट रहे युवकों ने बस परिचालक के किराया मांगने पर उरई कोतवाली क्षेत्र में बोहदपुरा गांव के पास खूब उत्पात मचाया। उन्होंने परिचालक को तो पीटा ही, पथराव कर दो बसों के शीशे भी तोड़ दिए। उपद्रव के कारण उरई-जालौन रोड पर जाम लग गया। पुलिस के पहुंचने पर उत्पाती भाग निकले। इन दिनों झांसी में सेना की भर्ती चल
रही है। भर्ती के लिए जिले के भी काफी युवक झांसी गए थे। शनिवार शाम करीब 5 बजे एक दर्जन युवक उरई-जालौन रोड पर चलने वाली प्राइवेट बस से आ रहे थे। बोहदपुरा गांव के पास बस परिचालक ने युवकों से किराया मांगा तो वह भड़क उठे और परिचालक के साथ मारपीट कर दी। यह देख चालक ने बस खड़ी कर दी और आगे ले जाने से मना कर दिया। इस
पर युवकों ने पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए। सवारियों से भी अभद्रता की। युवकों के उत्पात से वहां जाम लग गया। इस दौरान युवकों ने उधर से गुजर रही दिल्ली डिपो की बस व
अन्य वाहनों पर भी पथराव कर उनके शीशे तोड़ दिए। इससे मुसाफिरों में भगदड़ मची रही। सूचना पाकर सीओ जंगबहादुर व कोतवाल जेपी यादव फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे तो उपद्रवी पुलिस को देख जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस के मुताबिक बस परिचालकों ने तहरीर दी है। उपद्रवियों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।