फोटो - 20 मृतक राहुल वर्मा की फाइल फोटो।
रामपुरा। नगर के राजेंद्र नगर वार्ड नंबर-1 निवासी एक युवक की कानपुर के बिठूर में गंगा नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। वह घर से जेई के साथ कानपुर जाने की बात कहकर निकला था।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी राहुल वर्मा (35) रविवार सुबह घर से कानपुर जाने की बात कहकर निकला था। उसके छोटे भाई छोटू वर्मा ने बताया कि सुबह करीब छह बजे राहुल घर से निकला था। परिजनों ने जब पूछा कि वह किसके साथ जा रहा है तो उसने बताया कि वह बिजली विभाग के जेई के साथ कानपुर जा रहा है।
दोपहर में परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि राहुल कानपुर के बिठूर में गंगा नदी में स्नान करते समय डूब गया है। हादसे में उसकी मौत हो गई। यह खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया कि राहुल रामपुरा बिजलीघर पर बिजली विभाग के ऑनलाइन कार्य से जुड़ा था तथा जगम्मनपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में चपरासी के पद पर भी कार्यरत था। उसकी मौत से पत्नी दीपाली और दोनों बच्चों देवांश तथा रिहान्स का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन कानपुर रवाना हो गए हैं।