कालपी। नगर के मोहल्ला महमूदपुरा निवासी मंगल (31) की शनिवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया गया कि रात करीब नौ बजे वह घर पर थे, तभी भीषण गर्मी के बीच अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी ले गए, जहां चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल सचान ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी से सूचना मिलने पर महमूदपुरा चौकी प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए उरई भेज दिया।
मंगल का विवाह संतोषी देवी से हुआ था और दंपती की कोई संतान नहीं है। युवक की अचानक मौत से पत्नी व अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। (संवाद)