रामपुरा। नगर के राजेंद्र नगर मोहल्ले में मामूली विवाद के बाद युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बाद भी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई। उसने सीओ से इसकी शिकायत की है।
राजेंद्र नगर निवासी पीड़ित मजबूत सिंह भदौरिया (40) ने बताया कि 14 मार्च की शाम उसकी गाय घर के बाहर बंधी थी। पड़ोसी व उसके साथियों ने गालीगलौज कर दी। विरोध करने पर इन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उसे पहले अस्पताल रामपुरा और फिर कानपुर रेफर किया गया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने सीओ अंबुज यादव से शिकायत की है। वहीं थाना प्रभारी रामपुरा रजत कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। (संवाद)