कुठौंद (जालौन)। इंटर की प्री बोर्ड परीक्षा देने जा रही छात्रा के साथ चार युवकों ने छेड़छाड़ की। जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी मारपीट के लिए झपटे। छात्रा के शोर मचाने पर भीड़ आती देख आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। घटना से कस्बे में खलबली मच गई। छात्रा ने बताया कि वह एक युवक को पहचानती है।
कस्बा स्थित एक इंटर कालेज में प्री बोर्ड परीक्षा देने जा रही इंटर की छात्रा को मोहल्ले के ही युवक ने शनिवार को अपने तीन साथियों के साथ सरेराह रोक लिया और उससे छेड़छाड़ करने लगे। जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी छात्रा के साथ मारपीट का प्रयास करने लगे। यह नजारा देख छात्रा फूट फूटकर रोने लगी और उसने शोर मचा दिया।
इस पर लोग जब आरोपियों को ललकार कर दौड़े तो वो वहां से भाग निकले। लोगों ने पुलिस व परिजनों को जानकारी दी है। वहीं, घटना से कस्बे के लोगों में पुलिस के प्रति खासा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कस्बे में बेटियां सुरक्षित नहीं है। जब बीच बाजार में युवक ऐसी हरकत कर सकते हैं तो अकेले में किसी भी हद तक जा सकते थे। छात्रा का कहना है कि वह एक युवक को पहचानती है। सीओ शैलेेंद्र कुमार बाजपेयी ने बताया कि तहरीर पर शीलू, मानवेंद्र दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छेड़खानी वाली बात सामने नहीं आई है।
छात्रा को कई दिनों से परेशान कर रहा था युवक
छात्रा को जब लोगों ने आरोपियों युवकों से बचा लिया और उसे एक सुरक्षित जगह पर ले गए तो वह रोने लगी और उसने बताया कि एक युवक शीलू उसे कई दिनों से परेशान कर रहा है। उसने इसका विरोध भी किया, लेकिन वह नहीं मान रहा है। आज जब वह स्कूल जा रही थी कि तभी शीलू अपने तीन साथियों के साथ उसका पीछा करने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धमकी दी कि उसके साथ बुरा अंजाम होगा।