कदौरा। भतीजी की शादी में शामिल युवक अचानक गेस्टहाउस से घर चला गया और उसने घर के कमरे में लगे हुक से साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक युवक जब परिजनों को नहीं दिखा तो परिजन घर पहुंचे। युवक का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बे के मोहल्ला बम्हौरी निवासी पंकज कुमार (31) रविवार को भतीजी आकांक्षा की शादी में विवाह घर में कामकाज देख रहे थे। बारात जालौन से आई थी। वह करीब रात एक बजे लापता हो गए। परिजनों को दिखाई न देने पर उनकी तलाश की, उनका कहीं पता नहीं चला और उनका फोन भी नहीं उठ रहा था। रश्मोंं के बीच में आवश्यकता पड़ने पर परिजन जब सामान लेने घर पहुंचे तो उनका शव फंदे से लटका देख घर में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
परिजन आत्महत्या करने की वजह नहीं बता पाए हैं। परिजनों ने बताया कि वह राजकोट में रहकर मजदूरी करता था। भतीजी की शादी में शामिल होने घर आया था। उसके दो पुत्र सूर्यांश व आर्यन हैं। उनकी मौत से पत्नी माया देवी व मां बिंदी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गमनीन माहौल में भतीजी को विदा किया गया। मोहल्ले के लोगों की मानें तो उनका पत्नी से विवाद हो गया था। थानाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है।