चिरगांव महोत्सव में सम्मान प्राप्त करते हुए ललित मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला
जालौन। जिले के रहने वाले ललित कुमार मिश्रा ने अपनी प्रतिमा के बल पर बॉलीवुड में मकाम हासिल किया है। दो सितंबर को उनकी कॉमेडी मसाला फि ल्म ‘ये तो टू मच हो गया’ रिलीज होगी। इस फिल्म में उनके साथ मशहूर बॉलीवुड अभिनेता जिमी शेरगिल व अरबाज खान भी हैं। इसके अलावा कमांडो फेम पूजा चोपड़ा भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। नगर आए अभिनेता ललित कुमार मिश्रा बताते हैं कि जब वह यहां से गए थे, तब उनके पास केवल मायानगरी के सपने ही थे। दिल्ली स्थित ड्रामा स्कूल से पास होने के बाद वह मुंबई पहुंचे, पर बॉलीवुड में पहचान बनाने के लिए उन्हें काफी मुश्किलों भरे दौर से गुजरना पड़ा। उन्होंने संघर्ष के दिनों में बच्चों को मार्शल आर्ट, योगा आदि सिखाकर अपना खर्च चलाया। इसी दौरान मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा ने उन्हें हौसला दिया और कई लोगों से उनकी मुलाकात कराई।
साथ ही अपनी फि ल्म शबनम मौसी में भी एक छोटी सी भूमिका भी दी। उसी दौरान सोनी चैनल के आयुष्मान सीरियल की शूटिंग चल रही थी जिसमें पुजारी की भूमिका के लिए एक अभिनेता की तलाश थी। वह आडीशन देने के लिए चले गए। डायरेक्टर को काम पसंद आया और उन्हें पुजारी की भूमिका के लिए चुन लिया गया। इसके बाद स्टार प्लस के काली, हैलो डॉली, कहानी जुर्म की सीरियल में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। इसके अलावा जी टीवी पर रेत, ममता, घर की लक्ष्मी बेटियां , ची एंड मी व सब टीवी के पॉवरमैन, डीडी वन पर बैरिस्टर रॉय में भी उन्होंने काम किया। 7 अप्रैल को चिरगांव महोत्सव में मंत्री राजपाल कश्यप द्वारा उन्हें ‘जान बुंदेलखंड’ पुरस्कार से नवाजा गया। उनकी कॉमेडी फि ल्म ये तो टू मच हो गया 2 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।