भैरव अष्टमी पर प्राचीन भैरव जी के मंदिर पर गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर परिवार की समृद्धि व खुशहाली मांगी। जगह-जगह प्रसाद के वितरण के साथ भंडारा भी किया गया। इस दौरान मेले में लोगों ने खूब खरीददारी की।
पहूज नदी के किनारे प्राचीन भैरव जी मंदिर पर गुरुवार को भैरव अष्टमी के दिन जालौन, भिंड, इटावा से बड़ी तादाद में भक्तों ने पहुंचकर भैरव जी की पूजा अर्चना की और मन्नत मांगी। सुबह से देर रात तक मंदिर में भक्तों के आने का सिलसिला लगा रहा।
जगह-जगह लोगों ने खीर, हलुआ व अन्य प्रसाद का वितरण किया। मंदिर पर विशाल भंडारा का आयोजन किया। इसमें सैकड़ों लोगों ने भंडारा छका। मंदिर के आसपास मेला भी लगा। इसमें लोगों ने जमकर खरीददारी कर मेला का आनंद लिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि सैकड़ों वर्ष पुराने इस भैरव मंदिर पर भैरव अष्टमी के दिन लोग दूर-दूर से पूजा करने आते हैं।