जालौन (कदौरा)। त्योहारी सीजन में ग्रामीण क्षेत्रों की लीड बैंक यूपी ग्रामीण बैंक (आर्यावर्त बैंक) की शाखाओं में कई दिनों से कामकाज ठप है। जिम्मेदारों का कहना है कि विलय के बाद डाटा और सॉफ्टवेयर अपडेशन की प्रक्रिया के चलते सेवाएं प्रभावित हैं। सोमवार तक ग्राहक सेवाएं बहाल करने की कोशिश की जा रही है। एटीएम, जमा-निकासी, यूपीआई सहित अन्य कार्य न होने से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
बैंक के बाहर रोजाना सैकड़ों ग्राहक सुबह से ही जुटते हैं। बाद में सर्वर खराब होने की बात कहकर बैंककर्मी ग्राहकों को आश्वासन देकर लौटा देते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि त्योहारी सीजन और रबी फसल की तैयारी का समय होने के कारण उन्हें बीज, खाद और जरूरी वस्तुएं खरीदने के लिए पैसों की तत्काल आवश्यकता है, लेकिन बैंक सेवाएं बंद होने से उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्राहक अवधेश कुमार,विनीत कुमार, श्रवण, दिलीप सिंह,विपिन, भूरेलाल का कहना है कि कई दिनों से बैंक के चक्कर काट रहे हैं, न तो पैसे निकाल पा रहे हैं और न ही कोई लेन-देन कर पा रहे हैं। बैंक की तकनीकी दिक्कतों के कारण उनका कामकाज ठप पड़ा है।
शाखा प्रबंधक हर्षिता प्रजापति ने बताया कि यूपी ग्रामीण बैंक, आर्यावर्त बैंक व बैंक ऑफ बड़ौदा के डाटा को विलय किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत सॉफ्टवेयर अपडेट किए जा रहे हैं, जिस कारण फिलहाल सभी बैंकिंग सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हैं।
छह अक्तूबर से सभी तकनीकी समस्याएं दूर हो जाएंगी और लेनदेन पहले से और अच्छी तरीके से शुरू हो जाएगा। नई अपडेट के बाद ग्राहकों को कई आधुनिक सुविधाएं मिलने लगेंगी जिनमें ऑनलाइन बैंकिंग, घर बैठे लोन की सुविधा, आनलाइन चेक बुक इश्यू और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाएं शामिल हैं।