उरई। झांसी-कानपुर रेलखंड का निरीक्षण करते हुए स्पेशल ट्रेन से मंगलवार सवा सात बजे झांसी मंडल के डीआरएम अनिरुद्ध कुमार उरई रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। स्टेशन के छोर पर गंदगी देखकर नाराजगी जताई और कहा कि पूरे स्टेशन परिसर में जो भी गंदगी है, उसे 15 दिन में सफाई कराई जाए। पुराने रिफ्रेशमेंट रूम में महिला वेटिंग रूम बनाने के निर्देश दिए।
डीआरएम ने प्रथम श्रेणी वेटिंग रूम में एसी सुविधा कराने के लिए कहा। वन स्टेशन वन उत्पाद (ओएसओपी) का स्टाल पर निर्धारित उत्पाद की बिक्री न होने पर स्टॉल बंद करने के निर्देश दिए। निर्देश दिए कि पानी की बोतल 14 रुपये की ही बिकनी चाहिए। ओवररेटिंग की शिकायत पर लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
डीआरएम ने स्टेशन के बाहर बने पार्क में अंधेरा देखकर लाइटिंग करवाने के लिए कहा। बाहर अतिक्रमण हटाने के आरपीएफ को निर्देश दिए। सिग्नल, टेलीकॉम और बिजली की लटकती केबल देखकर नाराजगी जताई और तीन दिन के अंदर इसे हटाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि उन्हें हटी हुईं केबलों की फोटो भी चाहिए। राठ रोड ओवरब्रिज से स्टेशन पर तार फेसिंग कराने के भी निर्देश दिए। उनके साथ सीनियर डीसीएम अमन वर्मा, सीनियर डीओएम जे संजय कुमार आदि रहे।
व्यापारियों ने दिया ज्ञापन, दिल्ली की सीधी ट्रेन सेवा की मांग
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता के नेतृत्व में डीआरएम को ज्ञापन दिया। इसमें दिल्ली तक सीधी ट्रेन चलाने, सरकुलेटिंग एरिया में बने डीलक्स शौचालय को चालू कराने, राठ रोड रेलवे क्रासिंग के दोनों ओर तार फेसिंग कराने, टेंपो व ई-रिक्शा चालकों के लिए स्टैंड बनवाने, सीनियर सिटीजन को रेल किराये में रियायत देने और अमौसी रेलखंड में चल रहे ट्रैक मरम्मत के काम के कारण निरस्त हुई इंटरसिटी और पैसेंजर को गोविंदपुरी तक चलाने की मांग की गई। इस दौरान संजीव सिपोलिया, प्रदीप द्विवेदी, बलवीर सोनी, श्याम किशोर बुधौलिया, महेंद्र भाटिया, दिनेश पुरवार, प्रवीण ईंटोंदिया, उदयकरन प्रजापति, सौरभ अवस्थी, सलिल तिवारी, रामकुमार तिवारी, रिजवान अहमद, राजेश वर्मा आदि रहे। (संवाद)
अमावस्या पर उरई से चित्रकूट के लिए चलेगी ट्रेन
पत्रकारवार्ता में डीआरएम ने कहा कि हर माह की अमावस्या पर उरई से चित्रकूट के लिए ट्रेन का संचालन किया जाएगा। कानपुर से झांसी मेमू के मुस्तरा स्टेशन पर खड़ी होने के कारण ताज एक्सप्रेस छूटने के सवाल पर कहा कि इस समस्या को दूर कराया जाएगा। सरकुलेटिंग एरिया में बने पे एंड यूज शौचालय का ठेका जल्द कराया जाएगा। लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों के स्टापेज दो मिनट से पांच मिनट करने का प्रस्ताव बोर्ड को भेजने का आश्वासन दिया। इंटरसिटी और पैसेंजर को दो दिन तक गोविंदपुरी तक चलवाने का आश्वासन भी दिया।