जालौन। महिला दिवस पर नगर को महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल तरीके से इसका लोकार्पण करेंगे। महिला पुलिस चौकी के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए एक ओर जहां मुख्यमंत्री ने पूर्व में मिशन शक्ति अभियान के तहत थानों में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया था। अब महिलाओं के प्रति अपराध पर लगाम लगाने के लिए जनपद में महिला पुलिस चौकी खोली जा रही है। जनपद में महिला पुलिस चौकी खोलने के लिए जालौन का चयन किया गया है। इसके लिए कोतवाली में व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कोतवाली में स्थित अतिथि गृह में महिला पुलिस चौकी खोलने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चौकी के लिए एसपी यशवीर सिंह ने स्टॉफ की तैनाती कर दी है। कोतवाली प्रभारी रमेशचंद्र मिश्र ने बताया कि महिला पुलिस चौकी प्रभारी के रूप में तैनात की गई नीलम सिंह ने कोतवाली में अपनी आमद करा ली है। उन्होंने बताया कि महिला पुलिस चौकी के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं।
उधर, संवाद न्यूज एजेंसी कोंच के अनुसार, घरेलू या अन्य तरह की हिंसा अथवा किसी अन्य मसले को लेकर पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा संरक्षा को लेकर शासन के निर्देश पर इलाके की ऐसी महिलाओं जो सामाजिक तौर पर सक्रिय हैं, को लेकर थाना स्तर पर महिला सुरक्षा समिति का गठन किया गया है।
कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक बलिराज साही की अध्यक्षता में महिला सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें पुलिस ने ऐसी घटनाओं को लेकर सहयोग करने और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया है। कोतवाली लेवल पर बनाई गई सुरक्षा समिति में समाज के विभिन्न तबकों और अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहीं महिलाओं को जोड़ कर उन्हें अपने आसपास घटने वाली घटनाओं को लेकर सजग रहने के लिए कहा गया।
समिति में सभासद कृष्णा झा, प्रधानाचार्या माधुरी पहारिया, अधिवक्ता अलीशा सई, उप प्राचार्य डॉ. नीता रेजा, प्रीति वर्मा, पूनम वर्मा, निधि, अभिलाषा, ज्योति वर्मा, राधा वर्मा, पूर्व सभासद मीरा चंदेरिया, भाजपा नगर मंत्री अर्चना सोनी, संगीता पटेल, प्रियंका गिरवासिया, हेमलता सोनी, अंशूदेवी, प्रियंका वर्मा को शामिल किया गया है।