कोंच। पति से साथ चूड़ी की खरीदारी कर रही महिला का पर्स के चोरी हो गया। पीड़िता ने पति के साथ पहुंचकर कोतवाली में तहरीर दी है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम ककरौली निवासी उषा पाल अपने पति धर्मेंद्र और दो बच्चों के साथ खरीदारी करने के लिए कोंच बाजार आई थीं। बाजार में उन्होंने कपड़े और चांदी की दो जोड़ी बिछिया समेत अन्य सामान खरीदा, जिसे उन्होंने अपने पर्स में रख लिया।
इसके बाद उषा रामलीला भवन के पास स्थित एक चूड़ी की दुकान पर चूड़ियां खरीदने पहुंचीं। चूड़ियां पसंद करने के दौरान उन्होंने अपना पर्स कंधे से उतारकर पास में रख दिया। इसी बीच वहां पहले से मौजूद एक महिला मौका पाकर उनका पर्स चोरी कर भाग गई। कुछ देर बाद जब उषा पाल का ध्यान अपने पर्स पर गया तो वह वहां नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी पर्स का कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़िता के अनुसार पर्स में चार हजार रुपये, चांदी की दो जोड़ी बिछिया, चांदी की दो जंजीरें तथा बच्चे का सोने का ओम लॉकेट रखा हुआ था। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 26 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने पर पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।