उरई। राप्तीसागर एक्सप्रेस (12512) में सफर कर रही एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ व जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक कोमल सिंह तथा जीआरपी से प्रधान आरक्षक हरगोविंद ट्रेन के कोच बी-2, सीट नंबर सात पर पहुंचे। यहां यात्री कार्तिका मिलीं जो वारंगल से गोरखपुर की यात्रा कर रही थीं।
महिला यात्री ने बताया कि उनका काले रंग का पिट्ठू बैग जिसमें एक छोटा पर्स रखा था भोपाल से झांसी के बीच चोरी हो गया। पर्स में करीब 56 हजार रुपये नकद, मोबाइल चार्जर, कपड़े और अन्य सामान रखा था। आरपीएफ व जीआरपी ने यात्री से तहरीर देने के लिए कहा लेकिन तब तक ट्रेन आगे बढ़ चुकी थी। इस पर यात्री ने अगले स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराने की बात कही। जीआरपी थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने बताया कि घटना उनके क्षेत्र की नहीं है।