कोंच। मंडी चौकी के पास शनिवार देर शाम बाइक सवार बदमाश ने सरेराह महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और भाग गया। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
पूजा याज्ञिक जालौन से कोंच मायके गांधी नगर आई थीं। शाम को वह बच्चों खुशी (14) और किशन (12) के साथ नया पटेल नगर स्थित मौसी के घर गई थीं। लौटते समय जैसे ही वह गल्ला मंडी गेट के पास पहुंचीं, तभी बाइक सवार युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया और भाग गया।
महिला के शोर मचाने पर राहगीरों ने बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन वह आंखों से ओझल हो गया। पीड़िता ने बताया कि छीना गया मंगलसूत्र करीब छह ग्राम का था।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद, कोतवाली प्रभारी ब्रजेश बहादुर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने महिला से पूछताछ की। सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ छिनैती की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि बदमाश वारदात के बाद कस्बे के अंदर की ओर भागा। पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात से दहशत
घटना नदीगांव रोड की है, जिसे कस्बे का सबसे व्यस्त मार्ग माना जाता है। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर मंडी पुलिस चौकी और मार्कण्डेश्वर व पंचानन चौराहे पर यूपी-112 की पिकेट मौजूद रहती है। इसके बावजूद बदमाश ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे दिया।