जालौन। बीमारी के चलते विवाहिता की मौत हुई। कोतवाली पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर इलाज न कराने का आरोप लगाकर तहरीर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहजादपुरा निवासी अनिल कुशवाहा की शादी लगभग 8 वर्ष पूर्व आटा थाना क्षेत्र के ग्राम अटरिया निवासी दुर्गाप्रसाद की बेटी राधा (31) से हुई थी। कुछ समय से वह बीमार चल रही थी और शनिवार रात उसकी मृत्यु हो गई। जिसकी सूचना राधा के परिजनों को दी गई। मायके से आए पिता दुर्गाप्रसाद व भाई मुन्ना ने कोतवाली में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पुत्री के ससुरालवाले उसे परेशान करते थे। बेवजह उसके साथ मारपीट करने के साथ ही उसे भूखा प्यासा रखते थे।
कई बार समझाने के बाद भी नहीं माने और जिसके चलते उसकी आंतों में इंफेक्शन हो गया। इसके बावजूद पुत्री के पति व सास, ससुर ने इलाज नहीं कराया। जिसके चलते इंफेक्शन बढ़ गया। 15 मार्च को जब उसकी हालत ज्यादा खराब हुई तो उसे मेडिकल कालेज झांसी ले गए। लेकिन वहां भी डॉक्टरों न जवाब दे दिया। जिसके बाद सोमवार रात राधा की मृत्यु हो गई। पीड़ित पिता ने ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गुहार लगाई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस संदर्भ में कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।