कालपी (जालौन)। यमुना नदी के तटवर्ती एक ग्राम में खेत में पानी लगा रही महिला की पंपिंग सेट में फंस कर मौत हो गई। परिजन उसे लेकर नजदीक के अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कालपी थाना क्षेत्र के ग्राम धर्मपुर में आसाराम की पत्नी सुख देवी (33) बुधवार की सुबह अपने खेतों में यमुना नदी से पंपिंग सेट से पानी लगा रही थी। इसी दौरान सुख देवी की साड़ी अचानक पंपिंग सेट से उलझ गई। सुख देवी भी पंपिंग सेट में फंस गई । उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े लेकिन जब तक वे पंपिंग सेट के पास पहुंचते तब तक लहूलुहान हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजन उसे लेकर नजदीक के अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सुख देवी की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही कोहराम सा मच गया।
पिता के बाद मां का भी साया छिना
उसके तीन बच्चे शिवा (10), नवीन (6) और रागिनी (7) भी अनाथ हो गए हैं। उसके पति की हादसे में कुछ दिनों पहले ही मौत हो चुकी है। घर में बच्चों को वही पाल रही थी। बच्चों के सिर से पिता से बाद मां का साया भी छिन गया। मां के शव से लिपटकर बच्चे बिलखते रहे। बच्चों ने बताया कि मां यह कहकर घर से निकली थी, वह पानी लगाकर जल्दी घर लौटेगी, फिर रोटी बनाएगी। सुख देवी की मौत से गांव की हर एक महिला की आंख नम थीं। कोतवाल का कहना है कि मामला हादसे का है। संभव हुआ तो परिवार को आर्थिक मदद भी दिलाई जाएगी।