सिरसाकलार। महिला की दिल्ली में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति उसके शव को लेकर गांव पहुंचा और मायके पक्ष के लोगों को जानकारी दी। पहुंचे लोगों ने पति पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और शव को लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस ने समझाकर मामले को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थाना क्षेत्र के मिसुरपुरा गांव निवासी दीपक कुमार पत्नी बेबी (27) के साथ दिल्ली में रहकर एक कंपनी में काम करते थे। शुक्रवार को बेबी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति जब शव को गांव लेकर पहुंचा तो जानकारी पर कुठौंद थाना क्षेत्र के कुरेपुरा निवासी मायके पक्ष के लोग भी आ गए। वह लोग हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
उन्होंने बताया कि दीपक की शादी वर्ष 2017 में बेबी के साथ हुई थी। उसके एक बेटा भी है। आरोप लगाया कि पति ने उसकी हत्या कर दी है। इसके बाद परिजन हंगामा करते हुए शव को थाने ले गए। पुलिस ने उन्हें समझाकर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामला शांत कराया।
थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि महिला की मौत दिल्ली में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।