ग्राम प्रधान और ग्राम सदस्यों के चुनाव के बाद कोंच एवं नदीगांव विकास
खंडों में रविवार को मतगणना का काम निपट गया है। सारे परिणाम आ जाने के
बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थक गुलाल उड़ाते हुए अपने प्रधान को गांवों
तक ले गए। मतगणना के दौरान परिणाम जानने के लिये भारी भीड़ मतगणना स्थल के
चारों तरफ जमा रही। चुनाव प्रेक्षक सीपी त्रिपाठी ने भी दोनों मतगणना
केंद्रों का जायजा लिया।
कोंच ब्लॉक के 62 ग्राम प्रधानों लिए मतों की
गिनती का काम आरओ श्रीकृष्ण शाक्या की देखरेख में काफी तेज गति से शुरू हुआ
और सभी परिणाम घोषित कर दिए गए। इधर, कोंच के एसआरपी इंटर कालेज में
तहसीलदार जितेन्द्रपाल लगातार मतगणना पर निगरानी बनाए थे, अतुल शर्मा,
रवीन्द्र शुक्ला आदि सहयोग में लगे थे। सुरक्षा की कमान कोतवाल कोंच
रूद्रकुमार सिंह और एसओ एट वीरेंद्र सिंह के हाथों में रही।
नदीगांव
विकास खंड में भी आरओ राकेश वर्मा की देखरेख में वोटों की गिनती कराई गई।
76 ग्राम पंचायतों के लिये शाम तक मतगणना का काम निपटा लिया गया था। इस
दौरान चप्पे चप्पे पर पुलिस बल के अलावा एसएसबी के जवान तैनात रहे। एसडीएम
कोंच संजय कुमार सिंह, सीओ मनोजकुमार गुप्ता, एसओ नदीगांव मिथलेशसिंह,
कैलिया एसओ प्रमोदकुमार पूरे दिन जिला परिषद् इंटर कॉलेज नदीगांव में डटे
रहे।