पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठे महिला के परिजन।
- फोटो : amarujala
उरई के मोहल्ला बघौरा निवासी छोटेलाल (55) पुत्र रामभरोसे शुक्रवार सुबह अपनी मोपेड से पत्नी रामजानकी (50) को साथ लेकर कालपी के मंगरौल गांव दवा दिलाने जा रहा था। वह शहर से निकले ही थे कि नेशनल हाईवे स्थित आटा थाना क्षेत्र की संकट मोचन चौकी के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रामजानकी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ी, जिससे ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजरने पर मौके पर ही मौत हो गई। उधर छोटेलाल मोपेड समेत काफी दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए।
हादसा होते ही राहगीर बचाने के लिए दौड़ेे। लोगों को आता देख चालक ट्रक लेकर भाग निकला। राहगीरों की नजर कुछ दूरी पर लहूलुहान हालत में पड़े छोटेलाल पर पड़ी। तब तक पुलिस भी पहुंच गई और फिर छोटे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उनका प्राथमिक इलाज कर मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि छोटेलाल पत्नी की दवा लेने के लिए कालपी जा रहा था, पत्नी को सांस की बीमारी थी।