कोंच। शादी का झांसा देकर विधवा महिला से गांव के ही व्यक्ति ने शोषण किया। महिला ने जब शादी के लिए कहा तो आरोपी मुकर गया। बताया कि वह पांच साल से उसका शोषण कर रहा है। विरोध करने पर उसके पिता व भाई ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नदीगांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके पति की मौत के बाद गांव के ही बालकदास ने शादी का झांसा देकर संबंध बना लिए। कई बार संबंध बनाने के बाद जब उसने उक्त व्यक्ति से शादी करने की बात कही तो उसने इंकार कर दिया। मामले की शिकायत किए जाने पर थाने में नवंबर 2021 में उसने लिखित में 10 दिन के अंदर कोर्ट मैरिज करने की बात कही थी। इसके बाद भी उसने शादी नहीं की। 10 मार्च को भी उक्त व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया और शोषण किया। जब शादी करने का दबाव डाला तो जातिसूचक गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी। उसने जब उसके पिता और भाई से शिकायत की तो उन्होंने भी गालीगलौज कर धमकी देकर उसे भगा दिया। मामले को लेकर पुलिस ने बालकदास, उसके भाई सुशील व पिता वंशनारायण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।