रामपुरा। मोबाइल से बातचीत करते हुए नवविवाहिता ने लोहे के कुंदे से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। उसकी भांजी जब कमरे में पहुंची तो फंदे पर शव लटका देख उसकी चीख निकल गई। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाए जाने का आरोप लगाया है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के बहराई गांव निवासी सुदामा कुशवाहा की पत्नी देवा (20) ने बुधवार की शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि सुदामा का विवाह एक वर्ष पहले ही देवा के साथ हुआ था। सुदामा अहमदाबाद में रहकर पानीपूरी का धंधा करता है। बताया कि घटना से कुछ समय पहले देवा की मोबाइल पर किसी से बातचीत हुई थी जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। उसका मायका मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में है।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार भुवनेंद्र कुमार, सीओ अंबुज कुमार यादव, थाना प्रभारी रजत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। मायके पक्ष ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाए जाने का आरोप लगाया है। सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी। जांच की जा रही है।