फोटो - 06 जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की हुई दुर्दशा। संवाद
सिरसा कलार। विकासखंड जालौन के हथना बुजुर्ग गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब दो साल पहले खोदी गईं सड़कें अब तक दुरुस्त नहीं कराई गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि घरों तक पानी पहुंचने का इंतजार खत्म नहीं हुआ और गांव के सीसी व खड़ंजा मार्ग भी बदहाल हो गए। गड्ढों में कीचड़ और गंदा पानी भरने से आवागमन मुश्किल हो गया है।
गांव के कई रास्तों पर जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को निकलने में परेशानी हो रही है। मंदिर जाने वाले मार्ग की हालत भी खराब है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चे आए दिन फिसलकर गिर जाते हैं, जबकि दोपहिया वाहन भी कीचड़ में फंस रहे हैं।
ग्रामीण रामसेवक ने बताया कि पाइपलाइन डालने के नाम पर दो साल पहले अच्छे रास्ते खोद दिए गए थे, लेकिन अब तक नलों से पानी नहीं मिला और सड़कों की मरम्मत भी नहीं कराई गई। कल्लू ने बताया कि मंदिर जाने वाले रास्ते पर गंदा पानी भरा रहने से लोगों को परेशानी होती है। देवीदीन का कहना है कि अधूरा काम छोड़ दिए जाने से स्कूली बच्चों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था पर काम अधूरा छोड़ने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने और क्षतिग्रस्त रास्तों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पेयजल सुविधा के इंतजार में गांव की सड़कें भी बदहाल हो गई हैं, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। वहीं एडीएम नमामि गंगे शिवानी सिंह का कहना है कि जिले में मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द ही सभी सड़कों को सही करवा दिया जाएगा।