कोंच। पिछले लगभग पंद्रह दिन से ट्यूबवेल की मोटर खराब है जिसके चलते गांव में पानी संकट पैदा हो गया है। लेकिन अब हालत यह है कि कोरोना के भय से लोग एक दूसरे के यहां पानी लेने जाने में भी डर रहे हैं।
कोंच तहसील के पहाड़गांव में बनी पानी की टंकी मोटर पिछले दो सप्ताह से ज्यादा दिन से खराब होने से गांव में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। जिससे गांव के लोग खासे परेशान हैं। ग्रामीण देवेंद्र तिवारी, श्याम साहू, शिवम गुप्ता, मिथलेश राजपूत, मनोज नायक, चंदू राजपूत आदि ने बताया कि वह इस समस्या को कई बार जल संस्थान को बता चुके हैं। लेकिन विभाग द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गांव की आधी आबादी पहाड़ी क्षेत्र में बसी हुई है जिस कारण से आबादी में हैंडपंप नहीं लग सकते हैं। कुछ ही लोगों के यहां हैंडपंप लगे हुए हैं लेकिन कोरोना वायरस के भय के चलते लोग एक दूसरे के यहां पानी भरने नहीं जा रहे हैं। जेई प्रशांत त्रिपाठी का कहना है कि मोटर सही होने में दिक्कत आ रही है लेकिन जल्दी ही उसे ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।