नगरपालिका के सभासद अब अपने-अपने वार्डों में पांच-पांच सोडियम लाइटें
लगवाएंगे। ये प्रस्ताव पालिका की बोर्ड मीटिंग में सर्वसम्मति से पास हुआ।
इसके अलावा पटल पर रखे गए 11 प्रस्तावों में एक प्रस्ताव को छोड़कर अन्य
सभी पास हुए। वहीं, सभासद शाकिर हसन वारिसी ने विद्युत सामग्री की खरीद में
बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए अधिकांश प्रस्तावों पर
विरोध
दर्ज कराया। बोर्ड मीटिंग चार माह बाद शनिवार को पालिका सभागार में
हुई। इसमें नगर में शीत लहर से बचाव हेतु लकड़ी की आपूर्ति की स्वीकृति,
सीवर सेक्शन मशीन की मरम्मत, पालिका में खराब पड़े पानी के टैंकर की मरम्मत
व पालिका सीमांतर्गत निर्माए कार्यों के आगणनों की स्वीकृति पर विचार आदि
सहित कुल 11 प्रस्तावों को सदन के पटल पर रखा गया।
इनमें प्रमुख वार्ड
सभासद की संस्तुति पर प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच सोडियम लाइट लगाने का
प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं, उरई चौराहा से बालाजी मंदिर
तक सड़क के किनारे अंडरग्राउंड केबिल, पोल लाइट स्थापित किए जाने का
प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। उधर, सभासद शाकिर हसन वारिसी ने घटिया निर्माण
कराए जाने तथा विद्युत सामग्री में बड़े पैमाने पर
धांधली किए जाने का
आरोप लगाते हुए पटल पर रखे गए दो प्रस्तावों को छोड़कर अन्य सभी प्रस्तावों
पर अपना विरोध दर्ज कराया। बोर्ड मीटिंग के दौरान पालिकाध्यक्ष गुलाब सिंह
जाटव, अधिशाषी अधिकारी रविंद्र कुमार, सफाई निरीक्षक सुरेश यादव,
एलआई
चंदन यादव, लिपिक अनिल कुमार, सभासद रामदास यादव, सत्यनारायण वर्मा,
राधेश्याम वर्मा, मानेवंद्र सिंह गुर्जर, श्रीमती रिहाना सिद्दीकी, इकबाल
मंसूरी, शांति शर्मा, सरिता दोहरे, राजकुमार बरार, सुरेश श्रीवास आदि सभासद
उपस्थित रहे। तो वहीं, बैठक के दौरान लगभग आधा दर्जन सभासद अनुपस्थित रहे।