कोंच। पालिका सीमा विस्तार के बाद होने जा रहे पहले निकाय चुनाव को लेकर वार्डों के निर्धारण में कई खामियां सामने आ रही हैं। इससे नागरिक न केवल परेशान हैं बल्कि भ्रमित भी हैं। ऐसा ही मामला मोहल्ला आजाद नगर में भी सामने आया है। जिसे लेकर नागरिकों ने विसंगतियों का आरोप लगाकर मतदाता सूची की खामियां दूर करने की मांग की है।
मोहल्ला आजाद नगर निवासी आरिफ बादशाह ने सहायक निर्वाचन अधिकारी/एसडीएम कृष्ण कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पालिका परिषद के सीमा विस्तार के बाद वार्ड नंबर पांच की मतदाता सूची में कई गड़बड़ियां हैं। जैसे सीमा विस्तार के नक्शे में तालाब और मस्जिद को दर्शाया गया है लेकिन इस क्षेत्र के मतदाताओं को नहीं जोड़ा गया है।
सूची के भाग संख्या 11 को वार्ड नंबर 5 की मतदाता सूची में गलत जोड़ा गया है, जबकि भाग संख्या 11 के मतदाताओं को वार्ड नंबर 4 में होना चाहिए। तालाब और मस्जिद क्षेत्र के मतदाताओं को वार्ड नंबर 14 के भाग संख्या 30 में जोड़ दिया गया है। आरिफ ने सहायक निर्वाचन अधिकारी/एसडीएम से वार्ड नंबर 5 में व्याप्त विसंगतियों को दूर कराने की मांग की है।