अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा का प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को राज पैलेस में आयोजित किया गया। इसमें दर्जा प्राप्त मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने होनहारों व जनप्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया। मंत्री के हाथों सम्मान पाकर मेधावी गदगद नजर आए। कार्यक्रम में हाईस्कूल व इंटर के 80 छात्र-छात्राएं, नौ बीडीसी
और आठ ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार विश्वकर्मा समाज के कल्याण के लिए तमाम कार्य कर रही है। उन्हें एमएलसी, शिक्षा मंत्री व आयोग का अध्यक्ष बनाकर समाज का सम्मान बढ़ाया है। इसके अलावा आईटीआई प्रमाण पत्र, विश्वकर्मा जयंती की छुट्टी समेत कई
कार्य किए हैं। समाज को ज्यादा से ज्यादा शिक्षित होकर राजनीति व अन्य क्षेत्रों में अपनी भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। विश्वकर्मा महासभा के जिलाध्यक्ष महेश विश्वकर्मा ने कहा कि समाज के लोग अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर विशेष ध्यान दें, ताकि वे समाज का नाम रोशन कर सकें। इस मौके पर सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, लाखन सिंह, पूर्व जिला पंचायत
सदस्य सुरेंद्र मौखरी, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरपाल, पप्पू रूरा, शैलेद्र विश्वकर्मा, अवध बिहारी विश्वकर्मा, मैयादीन, कैलाश, रामशंकर ओझा, जगदीश पांचाल, कृष्ण कुमार शर्मा, हरीमोहन
विश्वकर्मा, शिव कुमार विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद रामआसरे विश्वकर्मा ने नहर विभाग के सर्किट हाउस में पत्रकारों से कहा कि प्रदेश सरकार पिछड़ों के लिए काम कर रही है। जितनी योजनाएं इस सरकार में पिछड़े वर्ग के लिए चलाई गईं उतनी किसी सरकार ने संचालित नहीं की। इस दौरान तेजप्रताप यादव, वीरपाल दादी आदि मौजूद रहे।