कदौरा (जालौन)। कस्बे में पथरेटा चौराहे पर ट्रैक्टर व ट्रक के बीच हुई टक्कर के बाद हो रहे विवाद में बीचबचाव करने पहुंचे हमीरपुर के सिपाहियों के साथ ग्रामीणों ने मारपीट कर दी। जिससे तीन सिपाही चुटहिल हो गए और एक सिपाही सत्येंद्र के सिर में चोट आई है। सिपाही शुक्रवार को हमीरपुर से ट्रांसफर के बाद मेरठ जा रहे थे। मामले की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायल सिपाहियों को सीएचसी में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल अभी तहरीर नहीं मिली है।
शुक्रवार सुबह 7 बजे थाना मुस्करा जिला हमीरपुर में तैनात सत्येंद्र सिंह, दिनेश, रिजीपाल सिंह व एक अन्य सिपाही का हमीरपुर एसपी ने मेरठ के लिए तबादला कर दिया था। सुबह सभी सिपाही एक स्कार्पियो से मेरठ जा रहे थे, तभी पथरेहटा व बसरेही के समीप एक मौरंग लदे ट्रक की टक्कर ट्रैक्टर थ्रेशर से हो गई, जिससे थ्रेशर बीच सड़क में पलट गया। इससे आक्रोशित ट्रैक्टर सवार ग्रामीणों ने ट्रक चालक से मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर भीड़ लग गई और जाम के हालात बन गए।
इतने में सादी वर्दी में सिपाही स्कार्पियो से उतरे और बीच बचाव करने लगे। सादी वर्दी में होने से ग्रामीण सिपाहियों को पहचान नहीं सके और सिपाहियों पर लाठी डंडंो से हमला बोल दिया। जिससे सिपाही घायल हो गए। इसी बीच दीपक निवासी जलालपुर जिला हमीरपुर ने इसकी सूचना यूपी 112 एवं स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची थाना पहुंची पुलिस को देखकर हमलावर भाग निकले। पुलिस ने घायल सिपाहियों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि झगड़े में बीचबचाव करने गए मुस्करा थाने के पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। सिपाही सादा वर्दी में थे, तीन सिपाही मामूली रूप से चुटहिल हुए हैं, जबकि सिपाही सत्येंद्र के सिर में चोट लगी है। जिसका चिकित्सीय परीक्षण करा दिया है, अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।