उरई। कालपी में यमुना नदी में गुरुवार की शाम डूबे दोनों युवकों के शव गुरुवार की देर रात मिल गए। शव मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किलों से बदहवास परिजनों को संभालते हुए घरों में भेजा। इसके बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि फिलहाल घाट के किनारे गश्त लगाकर बेवजह घूमने वाले लोगों को रोका जाएगा।
बताते चलें कि कालपी नगर के मोहल्ला कागजीपुरा निवासी बब्लू द्विवेदी को बेटा राहुल द्विवेदी (20) व मोहन दीक्षित का बेटा भगवताचार्य कन्हैया दीक्षित (22) निवासी हरीगंज अपने दो अन्य साथियों के साथ गुरुवार की शाम यमुना नदी के श्रीबिहारी जी घाट गए थे। तभी राहुल और कन्हैया नदी में नहाने के लिए उतर गए। नहाते-नहाते दोनों गहरे पानी में डूब गए। साथियों ने मोहल्ले में आकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नदी में गोताखोरों को उतार कर दोनों की तलाश शुरू कराई। देर रात करीब 12 बज के आसपास एक युवक का शव और दूसरे का शव शुक्रवार की सुबह नदी से मिला। राहुल और कन्हैया के शव मिलते ही उनके घरों में महिलाओं के बीच चीख पुकार मच गई। कन्हैया अपने माता पिता की एकलौती संतान था। दोनों के मोहल्लों में भी घटना को लेकर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। एसडीएम कौशल कुमार और इंस्पेक्टर आरके सिंह का कहना है कि फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके अलावा घाट किनारे पुलिस की गश्त भी कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी कोई दुखद घटना दोबारा न होने पाए।