कोंच। सिपाहियों को धक्का देकर फरार हुए शांति भंग के आरोपी को पुलिस ने 42 घंटे के बाद पकड़ लिया। पुलिस ने उसे जंगल से पकड़ा है। थाना प्रभारी रूप कृष्ण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अभिरक्षा से भागने का भी मामला दर्ज किया गया है। वहीं सीओ राहुल पांडे ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले सिपाही और पीआरडी जवान के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। और जांच के बाद विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
बताते चलें कि रविवार की दोपहर नदीगांव थाने की पुलिस पिता-पुत्र के विवाद में पिता राजेंद्र उर्फ राजू परिहार व बेटे शैलेंद्र दोनों को पकड़कर लाई। दोनों का ही शांतिभंग में चालान किया गया था। मेडिकल के लिए जाते वक्त राजेंद्र सिपाही और एक पीआरडी जवान को धक्का देकर भाग निकला था। इसके बाद से ही पुलिस राजेंद्र की तलाश में जुटी थी। मंगलवार की सुबह नौ बजे के आसपास नदीगांव के ही जंगलों से उसे पकड़ लिया। राजेंद्र ने बताया कि वह जेल जाने के डर से भागा था।