एट। ट्यूबवेल की लाइन ठीक करते समय करंट आने से शनिवार को बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। हादसा होते ही हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने बिजली विभाग के कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाबुझा शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एट थाना क्षेत्र के बैरागढ़ अकोड़ी निवासी अरविंद पटेल (50) गांव में रहकर बिजली मिस्त्री का काम करता था। शनिवार की सुबह गांव के ही एक किसान की ट्यूबवेल की लाइन को शटडाउन लेकर ठीक करने के लिए एचटी लाइन के पोल पर चढ़ा था। तभी अचानक बिजली सप्लाई चालू होने से अरविंद करंट की चपेट में आकर झुलस गया। और वह खंभे और तारों के बीच ही झूल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर परिजन एवं ग्रामीण एकत्र हो गए। आननफानन में लाइन बंद कराकर अरविंद के शव को नीचे उतारा गया। परिजन विभाग के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। साथ ही विभाग के अधिकारियों को बुलाकर मुआवजा दिलाने की बात पर अड़ गए। सूचना मिलते ही एट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक ने परिजनों को समझाया कि तहरीर दे, मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ही परिजन शांत हो सके। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलते ही जांच की जाएगी।