सिरसा कलार। क्षेत्र में बनी पानी की टंकी से निकली पाइप लाइन छानी रजवाहे के पास टूट गई है। इस कारण हजारों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। जिसके चलते ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। बाशिंदों का आरोप है कि कई बार शिकायत की गई पर किसी ने सुध नहीं ली।
बताते चलें कि सिरसा कलार में जल संस्थान की टंकी है। इस टंकी से पीने का पानी की आपूर्ति पाइप लाइन के माध्यम से गांवों की जाती है। एक माह से टंकी की पाइप लाइन छानी के पास तरसौर रजवाहा में टूटी पड़ी है। जिससे हजारों लीटर पीने का पानी रजवाहे में बहकर बर्बाद हो रहा है। वहीं पाइप लाइन टूटी होने से जहटौली व छानी में पानी नहीं पहुंच रहा। जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। जहटौली के आंशू, सुमित पाडे, शीलू आदि का कहना है, पाइप लाइन जर्जर है। इस कारण आए दिन टूट जाती है। अभी तीन माह पूर्व ग्रामीणों ने चंदा करके रजवाहे में टूटी पाइप लाइन को ठीक कराया था। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही पाइप लाइन को ठीक नहीं कराया तो वह सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे। (संवाद)