कदौरा क्षेत्र में खदान का निरीक्षण करती एडीएम पूनम निगम
- फोटो : ORAI
कदौरा। ग्रामीणों की शिकायतों को संज्ञान लेकर एडीएम पूनम निगम ने अधिकारियों के साथ मिलकर भेडी खदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही खदान की नाप जोख कराई। इस दौरान उन्होंने खदान संचालक को निर्देश दिए कि अपनी सीमा में ही खनन करे, अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।
बताते चलें कि पिछले सप्ताह ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि खदान संचालक जबरन खेत और श्मशान घाट को बर्बाद कर वहां खनन कर रहा है। शिकायत को संज्ञान लेकर गुरुवार को एडीएम पूनम निगम ने खदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता व अन्य ग्रामीणों से भी बातचीत की। एडीएम पूनम निगम ने बताया कि किसानों के खेत व श्मसान घाट की जमीन की नापजोख कराई है। फिलहाल मौके पर अवैध खनन नहीं मिला। रास्ते को लेकर कुछ विवाद है जिसके लिए एसडीएम कालपी को नाम जोख करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने ग्रामीणों को अश्वासन दिया कि जल्द ही गांव में स्थाई शमशान घाट का निर्माण कराया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम कौशल कुमार, प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, ग्राम प्रधान नवनीत मिश्रा सहित खनन अधिकारी व राजस्व कर्मी मौजूद रहे। (संवाद)
--
अवैध खनन की डीएम से शिकायत
उरई। डकोर ब्लॉक के ग्राम बंधौली के प्रधान रघुवीर ने गांव के अरविंद राजपूत, गुलाब यादव, मातादीन आदि के साथ डीएम को ज्ञापन देकर बेतवा के किनारे गांव सभा की जमीन में अवैध खनन का आरोप लगाया। उन्होंने अवध खनन रोकने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। (संवाद)