उरई। गोकशी के मामले में पुलिस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चुप्पी साध गई है। पुलिस की कार्यशैली से बजरंगियों में आक्रोश है। कहना है कि पुलिस न तो गोकशी करने वालों को ही पक़ड़ रही है और न ही दोषी पुलिस कर्मियों की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से मिलकर आटा पुलिस की शिकायत करेगा।
बताते चलें कि शुक्रवार को आटा क्षेत्र के कहटा के जंगल में तीन मवेशियों के अवशेष मिले थे। पास में ही रस्सी और कुछ कपड़े भी मिले थे। इलाके में भी हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने अवशेषों को जेसीबी से गड्ढ़ा खोदकर दफन भी करा दिया था। बजरंग दल के शिव मोहन का कहना है कि घटना के वक्त आटा पुलिस ने अधिकारियों को भी काफी देर तक मामले की जानकारी नहीं दी। इसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर खामोश बैठ गई है। सुमित, शिशुपाल, कृष्ण कुमार आदि बजरंगियों के मुताबिक जल्द ही वे अधिकारियों से मिलकर पूरे मामले में दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे। इस संदर्भ में सीओ कालपी बीके श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में संदिग्धों की पूछताछ की गई है। जल्द ही खुलासा होगा। यदि किसी पुलिस कर्मी की भूमिका पाई गई को उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।