जालौन। इंटर की छात्रा ने अज्ञात कारणों के चलते घर के कमरे में फांसी लगा ली। पड़ोस से लौटी बहन जब घर पहुंची तो उसने बहन को फांसी पर लटका देखा। तो घर में चीखपुकार मच गई। जानकारी होते ही आसपास के लोग आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को उतरवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के सिकरी राजा गांव निवासी शत्रुघ्न दोहरे की 18 वर्षीय पुत्री गोपनी ने बुधवार की देर शाम घर के कमरे में लगे हुक से रस्सी से फांसी लगा ली। पड़ोस में गई छोटी बहन रोहिणी जब घर लौटी तो उसने गोपनी को फांसी पर लटका देखा। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि शत्रुघ्न की तीन बेटियां है। उसकी पत्नी की दस साल पहले मौत हो गई थी। दो बेटियां घर पर रहती थी। जबकि सबसे छोटी बेटी मौसी के घर में रहती है। गोपनीय इंटर की छात्रा थी। पिता शत्रुघ्न दिल्ली में रहकर काम करते है। वहीं कोतवाल सुनील सिंह का कहना है कि छात्रा की मौत की हर पहलू पर जांच की जा रही है। उसका मोबाइल मिल गया है।
-----------
बेटियों की शादी के लिए रुपये कमाने गया था दिल्ली
बेटी की मौत की सूचना पर घर पहुंचे शत्रुघ्न का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने बताया कि वह बेटियों की परवरिश व उनकी शादी करने के लिए रुपये कमाने दिल्ली चला गया था। बेटियों को परिवार के अन्य लोगों के सहारे छोड़ गया था। उसे क्या पता था कि जिस बेटी के लिए वह घर छोड़कर कमाने गया वह अब उसे दोबारा नहीं मिलेगी।