कोंच। सड़क किनारे जानवर चरा रहे देवर, भाभी को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार खंदक में जा गिरी। इससे पहले राहगीर कुछ समझ पाते घायल कार चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला।
ग्राम कनासी निवासी 38 वर्षीय जागेश्वर पाल व 57 वर्षीय उसकी भाभी द्रोपदी खेतों में जानवर चराने के लिए जा रहे थे। जानवरों को खेतों में छोड़कर दोनों देवर, भाभी सड़क किनारे बैठकर बातें कर रहे थे। तभी नदीगांव की ओर से तेज रफ्तार कार के चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और कार दोनों को रौंदते हुए खंदक में जा पलटी। हादसे में देवर, भाभी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर दौड़े। पकड़े जाने के डर से ईको कार के चालक व उसमें मौजूद अन्य लोग भाग निकले। घटना की सूचना पर नदीगांव थानाध्यक्ष आरके सिंह भी फोर्स के साथ पहुंचे। दोनों को कोंच सीएचसी लेकर गए जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी के चालक का पता किया जा रहा है। नंबर से उसके मालिक के बारे में भी जानकारी की जा रही है।
----
देर से पहुंची एंबुलेंस व पीआरबी
कोंच। सरकार ने ऐसी ही आपात स्थितियों के लिए यूपी 112 व 108 एंबुलेंस हेल्पलाइन नंबर चला रखी हैं। पर बुधवार को इनमें से एक भी नंबर काम का साबित नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के तत्काल बाद दोनों हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल की गई। उस वक्त तक देवर भाभी दोनों की सांसें चल रही थीं। पर आधे घंटे तक न तो पीआरबी और न ही एंबुलेंस मौके पर पहुंच सकीं। जिसके चलते दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
----------
फोटो-1-मृतक मानवेंद्र की फाइल फोटो।
फोटो-2-रोते बिलखते परिजन।
टीन शेड में करंट, युवक की मौत
माधौगढ़। आटा चक्की संचालक युवक को सुबह टिन शेड में आ रहा करंट लग गया। करंट लगते ही युवक जमीन पर गिर गया। शोरगुल सुन मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुन घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी मंजू, पुत्री अभि, पुत्र कृष्णा का रो-रोकर बुरा हाल है। कस्बा के गांधीनगर निवासी मानवेन्द्र सिहं उर्फ मोनू (37) घर पर आटा चक्की लगाए था। बुधवार सुबह गाय को चारा डालकर दरवाजे पर लगे टिन शेड टिन शेड में रस्सी बांधने लगा। टिनशेड में करंट होने से युवक को तेज करंट लग गया। (संवाद)