उरई। कालपी में पशुपालन विभाग को नया भवन मिलेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया के साथ निर्माण कंपनी ने काम भी शुरू कर दिया है। भवन के निर्माण के लिए आठ महीने का समय मिला है। कंपनी का दावा है समय से पहले काम कर लिया जाएगा।
कालपी के आलमपुर में बना राजकीय पशु चिकित्सालय का भवन जर्जर हो चुका है। बारिश में चारों तरफ से पानी छत से बहता है। निर्माण के बाद कायाकल्प भी नहीं हुआ। जर्जर होने की वजह से स्टाफ को हादसे का डर बना रहता है, इसलिए वहां डॉक्टर बैठना नहीं चाहते हैं। जर्जर हालत की रिपोर्ट विभाग ने शासन को भेजी थी। शासन ने नए भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव पास कर दिया है। इसमें 69.12 लाख का बजट पास हुआ है। बजट पास होने के बाद टेंडर प्रक्रिया हुई।
निर्माण कंपनी यूपीसीएलडीएफ ने काम शुरू भी कर दिया है। नए भवन का निर्माण पुराने भवन के ठीक पीछे होगा। इसमें चार कमरे, बैठक, शौचालय, मुख्य द्वार, चारों तरफ इंटरलॉकिंग का काम होगा। अक्तूबर महीने तक निर्माण कार्य पूरा करना होगा।
वर्जन-
निर्माण कंपनी को सख्त निर्देश दिए गए हैं। समय पर काम पूरा करें। नया भवन मिलने से पशुओं के इलाज में बेहतर सुविधा विभाग दे पाएगा। -डॉ. निर्मल कुमार, सीवीओ, जालौन