रामपुरा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिद्धपुरा रिठौरा में पानी की टंकी के पास रखे 250 केवी के ट्रांसफार्मर के अंदर का सामान चोरी हो गया। इससे गांव में बिजली का संकट गहरा गया हैं।
गुरुवार रात चोर ग्राम सिद्धपुरा में बिजली की आपूर्ति करने वाला एकमात्र 250 केवी का ट्रांसफार्मर खोलकर अंदर का सारा सामान चुरा ले गए। इससे पूरे गांव में बिजली का संकट गहरा गया। सुबह जब ग्रामीण रोजाना की तरह अपने खेतों की ओर निकले तो पानी की टंकी के पास रखा ट्रांसफार्मर जमीन पर पड़ा था और उसका सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। इसके बाद गांव में घटना की जानकारी हुई। ट्रांसफार्मर के सामान की चोरी की सूचना ग्रामीणों ने बिजली विभाग व पुलिस विभाग को दी गई।
बिजली विभाग के जेई अमित शर्मा ने बताया कि बिजली के ट्रांसफार्मर के अंदर के समान की चोरी की तहरीर स्थानीय पुलिस को दे दी गई हैं। विभाग के उच्चाधिकारियों को भी इस घटना के संबंध में जानकारी दी जा चुकी हैं। जल्द ही गांव में दूसरे ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कर गांव की बिजली व्यवस्था बहाल की जाएगी।