बसपा सरकार में ड्रीम प्रोजेक्ट रही कांशीराम कालोनी का गजब हाल है। कालोनी में चारों ओर गंदगी का अंबार लगा है। इसके अलावा अन्य बुनियादी सहूलियतें भी नहीं मिल रही हैं। सैर सपाटे के लिए पार्क का हाल यह है कि गंदगी की वजह से वहां दो पल ठहरना दुश्वार है।
इससे यहां के बाशिंदों में खासी नाराजगी है। कालोनी के लोगों का कहना है कि इस बारे में संबंधित विभाग के बड़े अफसरों को कई मर्तबा अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक नतीजा सिफर ही रहा है।
गौरतलब है कि शहर के गरीबों को आशियाना मुहैया कराने के लिए पूर्व की बसपा सरकार ने कांशीराम कालोनी का निर्माण कराया था। शहर से पांच किलोमीटर दूर कोंच रोड स्थित कांशीराम कालोनी में 1500 परिवारों को बसाया गया था।
तत्कालीन बसपा सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट होने के कारण उस वक्त अधिकारी कालोनी की हर समस्या को गंभीरता से लेकर तत्काल निस्तारण कराते थे। पर सूबे में निजाम बदलते ही कांशीराम कालोनी के भी हाल बेहाल हो गए। अब हालात यह हो गए हैं कि इस ओर अधिकारियों का ध्यान ही नहीं जाता।
इन दिनों कांशीराम कालोनी के बाशिंदे गंदगी की समस्या से जूझ रहे हैं। हालात यह हो गए हैं कि कालोनी के चारों ओर गंदगी ही गंदगी नजर आ रही। आवासों के बाहर लगे गंदगी के ढेरों से यहां के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। 24 घंटे गंदगी व सड़ांध के बीच रहकर कालोनी के बाशिंदे बीमार भी पड़ रहे हैं।
वहीं अधिकारियों द्वारा इस समस्या पर ध्यान न दिए जाने से यहां पर तैनात सफाईकर्मी भी मौज कर रहे हैं। बताया जाता है कि यहां पर एक दर्जन से अधिक सफाईकर्मी तैनात हैं, पर यह सफाईकर्मी कब काम करते हैं यह किसी को पता नहीं। कभी कभार नगर पालिका के कर्मचारी सफाई के नाम पर औपचारिकताएं पूरी करके चले जाते हैं।