सपा समर्थित प्रत्याशी के नामांकन जुलूस में उरई आ रही मारुति वैन में जोल्हूपुर मोड़ रेलवे क्रासिंग के पास एकाएक आग लग गई। इससे वैन में सवार चालक समेत सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास की दुकानों पर मौजूद लोगों ने पहुंचकर वैन में फंसे लोगों को दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला।
सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झुलसे लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में भर्ती कराया। चालक की हालत ज्यादा नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। छह अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कालपी कोतवाली के मोहल्ला कागजीपुरा निवासी मनोज अवस्थी अपनी मारुति वैन किराए पर चलाते हैं। शनिवार की दोपहर तकरीबन एक बजे वह कालपी कोतवाली क्षेत्र के गांव गुलौली से जिला पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी फरजाना नाज के नामांकन जुलूस में शामिल होने के लिए समर्थकों को लेकर उरई आ रहे थे।
वैन में गुलौली गांव के रहीस (40) , इस्लाम (28), सद्दाम (26), जमील (25), सानू (25), मारुख खां (27) सवार थे। वैन जोल्हूपुर मोड़ रेलवे क्रासिंग के पास पहुंची, तभी वैन में बैठे किसी व्यक्ति ने बीड़ी सुलगाई, इससे गैस किट से रिसाव होने के कारण आग लग गई। चालक वैन रोककर किसी तरह बाहर निकला।
इसी बीच आसपास की दुकानों पर मौजूद लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों ने वैन का दरवाजा तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पाकर कोतवाली कालपी पुलिस मौके पर पहुंची और झुलसे लोगों को कालपी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चालक मनोज की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।