ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही और शहर में फै ले अतिक्रमण का खामियाजा शहरियों
को भुगतना पड़ रहा है। इसके चलते मंगलवार को जिला परिषद से अंबेडकर चौराहे
तक भीषण जाम लग गया। करीब दो घंटे तक राहगीर इस जाम में फंसे रहे पर
ट्रैफिक पुलिस का कोई भी सिपाही नहीं पहुंचा। जाम में फंसे लोगों की ही
सूझबूझ से जाम खुल सका।
मंगलवार की दोपहर कई यात्री बसें व ओवरलोड ट्रक
जिला परिषद से कालपी रोड की ओर जा रहे थे। एक साथ आधा दर्जन से ज्यादा
भारी वाहन इस रूट से गुजरने के कारण यातायात व्यवस्था धड़ाम हो गई। जगह जगह
खड़े वाहनों की वजह से जाम
लग गया। जिला परिषद से लेकर अंबेडकर चौराहे के
आगे तक करीब एक किलोमीटर तक वाहन जाम में फंस गए। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस
का कोई सिपाही नहीं दिखाई पड़ा। काफी मशक्कत के बाद लोगों की सूझबूझ से
वाहनों का आवागमन शुरू हो पाया। इस दौरान करीब दो घंटे वाहन सवार जाम में
फंसे रहे।