जालौन। प्रतापपुरा गोशाला में शनिवार रात चार मवेशियों की मौत का मामला शांत भी नहीं हो पाया था कि रविवार की रात तीन और मवेशियों की मौत हो गई। ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन और प्रधान की शिकायत पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलवाकर शवों का पोस्टमार्टम कराकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया गया।
ब्लाक के ग्राम प्रतापपुरा में बनी अस्थायी गोशाला में शनिवार के बाद रविवार को भी मवेशियों की मौत हो गई। शनिवार को चार व रविवार की रात तीन मवेशियों की मौत होने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लगातार दो दिन से हो रही जानवरों की मौत और उनके वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सोमवार को गांवों का माहौल खराब हो गया।
ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए प्रधान दीपक श्रीवास्तव की मांग पर कोतवाल सुनील कुमार सिंह एसआई स्वामीनाथ पांडे व पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों की शिकायतों को सुनने के बाद पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविंद्र सिंह को बुलाकर मौके पर मृत दो मवेशियों व एक बछड़े का पोस्टमार्टम कराया। उन्होंने ग्रामीणों से गोशाला के संचालन में सहयोग करने की सलाह दी।
एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला ने बताया कि मवेशियों की मौत का कारण तो पीएम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट होगा, फिलहाल खलिहान की जगह पर तार लगवा कर जानवरों को रखा गया है। ग्रामीणों से बात हो गई है जन सहयोग से गायों के खाने पीने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही गोशाला में पशुओं को ठंड से बचाने के लिए अलाव लगवाने की व्यवस्था कराई जा रही है।